वाकई में मेरा देश बदल रहा है, बहुत कुछ सिमट रहा है

पिछले कुछ सालों में देश बदला है,वाक़ई में बड़े बदलाव हुए हैं! ऐसे बदलाव जिनके बारे में ज़िक्र किया जाना जरूरी है | समाज बदला है, लोगों के सोचने के नज़रिए बदले हैं, मीडिया बदला है, सरकारें बदली हैं, इन्ही बदलाव के बीच आपका मिजाज़ भी बदला है | ट्रांस्फोर्मिंग इण्डिया को आप कैसे समझना चाहते हैं, ये आपकी विचारधारा पर भी निर्भर है | एक वर्ग ये मानता है, हमें आज़ादी मिल गई है, चीज़ों के फैसले करने की, जी हाँ फैसले करने की आज़ादी | अगर उस वर्ग के लोगों को लगता है, सामने वाला गुनाहगार है या वो उनकी विचारधारा से टकराता है, तो उसके खिलाफ "साम, दाम,दंड,भेद" अपनाकर उसे तोड़ डालो | या फिर एक हव्वा खड़ा करो ये धर्म विरोधी है, इससे धर्म को भारी क्षति हुई है, ये आदमी बड़ा ही खतरनाक है, इसी बहाने भीड़ को इकठ्ठा कर काम तमाम कर दो | किस्सा ही ख़त्म, ऐसे लोगों के शिकार होने वालों की एक लम्बी लिस्ट है, जिनका ज़िक्र करने की आवश्यकता नहीं !
क्या आप जानते हैं, इन बदलावों में एक भारी बदलाव क्या हुआ है, शायद आप बड़ी ग़लतफ़हमी में जी रहे हैं ! या आप जानना नहीं चाहते कि वो बदलाव हैं क्या ? वो भारी बदलाव ये है, कि दुनिया में भारत की इमेज कचरा हुई है. उसकी वजह बनी "भारत का अघोषित ईशनिंदा क़ानून", जी हाँ कभी शक पर किसी को मार दिया जाता है, तो कभी किसी के खान-पान पर आप नज़र रखना शुरू कर देते हैं| बात यहीं तक सीमित नहीं है, नफरत का बढ़ता दायरा, और सांप्रदायिक सौहार्द में बाधा बनने वाले तनाव की एक लम्बी फ़हरिस्त भी भारत की छवि को बर्बाद कर रही है | बदलावों में एक बदलाव और आया है, अब हर चीज़ हिन्दू मुस्लिम की नज़र से देखी जाने लगी है, न्यूज़ चैनल्स में बहस ही इस मुद्दे पर होती है. कि "मुसलमान ऐसा क्यों ? वैसा क्यों ?" | वैसे न्यूज़ चैनल्स को किसी एक प्रोग्राम का नाम " मुस्लिम आलोचना न्यूज़" भी रख देना चाहिए, क्या आप जानते हैं, इसी बीच मुस्लिमों के अन्दर लीडरशिप की कमी पूरी होती दिख रही है ! कांग्रेस भी अब मज़बूत हो चली है, कांग्रेस का मुस्लिम वोट बड़ी तादाद में वापस होता नज़र आने लगा है, वो कांग्रेसी जिन्होंने हिंदुत्व के उबाल में मोदी को वोट दिया था, अब वापस कांग्रेस की और झुकते दिख रहे हैं | पिछले कुछ दिनों में राहुल गांधी और गुलाम नबी आज़ाद की महनत रंग लाई है, यूपी ही नहीं देशभर में कांग्रेस अब मजबूती की तरफ बढ़ रही है |
इसी बीच टीवी पूरी तरह बदल गया है, जैसे उसका किसी ने प्लास्टिक सर्जरी करा दिया हो ! ऐसा भी क्या बदलना, जो टीवी पहले देश को जोड़ने का काम करता था, अब पैनल स्ट्राईक के ज़रिये लोगों के दिलों को ज़ख्म दे रहा है, एक्सक्लूज़िव तलवार से वो टीवी लोगों के दिलों को काट रहा है| वाक़ई में ऐसा बदलाव आपको नहीं दिखेगा, शासन और प्रशासन की क्या कहानी सुनेंगे आप | कानून पहले सबके लिए एक होता था, अब कानून भी चहरे देखकर लागू होता है, जैसे FIR लिखने के लिए अलग-अलग लोगों पर अलग-अलग नियम लागू होते हैं| यदि आपका सम्बन्ध नागपुर के महाल क्षेत्र के एक विशेष कार्यालय से है तो, फिर आप गुंडे हों या मवाली, आप दंगाई हों या हत्यारे | आप पर केस नहीं बनेगा, बल्कि उल्टा उन पुलिस वालों पर केस बनेगा जो आप पर कार्यवाही करेंगे ! क्योंकि आपको तो विशेषाधिकार होता है, स्पेशल लायसेंस मिलता है | यह अलग बात है, कि उस कार्यालय की कोई भी चीज़ भारतीय कानून के तहत रजिस्टर्ड नहीं | पर पिछले दो सालों से देश की और कई राज्यों की सरकारों का माई बाप वहीकार्यालय है! अब देश दिल्ली से नहीं बल्कि देश के बिलकुल मध्य से, या यूं कहें दिल वाले स्थान से चलता है, जी हाँ देश नागपुर से चलता है | बस नागपुर को देश की राजधानी घोषित करने की भर देर है| बात FIR की चल रही थी, तो आपको बताते चलूँ, यदि आप मुस्लिम या दलित समुदाय से हैं तो आपकी FIR लिखे जाने के चांस बहुत कम होते हैं | खैर ये कोई बात नहीं हुई, अब तो विपक्षी दलों पर FIR और CBI का फंदा बहुत ज़्यादा आम बात हो गई है !
एक बड़ा बदलाव ये हुआ है, कि अब दलित समुदाय ने अपने ऊपर होने वाले अत्याचारों के विरुद्ध भारी आवाज़ बुलंद कर दिया है! पूरे देश में दलित, कुर्मी, आदिवासी और मराठा अपने -अपने समुदायों के बैनर तले, अपने हकों के लिए एक हो रहे हैं | देश में मुस्लिम समुदाय अपने ऊपर होने वाले अत्याचारों को चुपचाप सहते हुए अपनी -अपनी बारी के इंतज़ार में तकिया लगाया हुआ है| उल्टा जो आवाज़ उठाता है, उसे डराया और धमकाया जाता है | क्या आप सोच सकते हैं, वैसे मुस्लिमों का डरना वाजिब है, क्योंकि डर ये रहता कि कौन सी धारा लगाकर देशद्रोही घोषित कर दिया जाए पता नहीं, किस आतंकवादी संगठन से नाम जोड़ दिया जाये पता नहीं | एक बड़ा ही क्रांतिकारी बदलाव इस मुल्क में हुआ है, वो ये की आजकल देशभक्ति और देशद्रोह के सर्टिफ़िकेट की उपलब्धता बड़ी ही आसान हो गई है| देश में हो रहे बड़े बदलाव और रामदेव बाबा का बिजनेस मैनेजमेंट देखकर लगता है, की जल्द ही रामदेव बाबा जॉकी, जेनेक्स जैसे प्रोडक्ट को धुल चटाते हुए "पतंजलि अंडरवियर एवं बनियान" भी लांच कर सकते हैं | जो शुद्ध मराठी कपास से निर्मित होंगी, साथ ही पतंजलि एयरलाइन्स भी लांच हो जाये तो कोई बात नही |
वैसे बदलाव तो बहुत से हुए हैं, पर हर बदलाव का ज़िक्र करना ज़रूरी नहीं क्योंकि देश के लिए यही बड़े गर्व की बात है कि "भारत और पाकिस्तान" के बीच इतने तनाव के बावजूद "अडानी पावर" पाकिस्तान को बिजली सप्लाई कर रही है और रिलायंस समूह को सरकारी कम्पनियों से छीनकर काम दिया जा रहा है |
वाकई में देश बदल रहा है और बहुत तरक्की कर रहा है !

Comments